छत्तीसगढ़

कोरबा: भाजपा प्रत्याशी सरोज पांडेय ने दाखिल किया नामांकन, सीएम विष्णुदेव साय समेत भाजपा नेता रहे मौजूद; देखें वीडियो

कोरबा। कोरबा लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी सरोज पांडेय के नामांकन दाखिले के लिए प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय कोरबा पहुंच चुके हैं। उनका हेलीकॉप्टर एसईसीएल स्थित हेलीपैड पर उतरा। इस दौरान भाजपाईयों ने उनका जोरदार स्वागत किया। मुख्यमंत्री के साथ उपमुख्यमंत्री अरुण साव और वित्त मंत्री ओपी चौधरी भी मौजूद हैं।आज प्रदेश के सभी प्रमुख भाजपा नेताओं की मौजूदगी में सरोज पांडेय ने अपना नामांकन पत्र दाखिल किया।

कोरबा की नामांकन रैली में साय का संबोधन

कोरबा को ऐसी अनुभवी प्रत्याशी मिली है जो महापौर रहीं हैं, विधायक रहीं हैं, सांसद रहीं हैं, बीजेपी संगठन में भी बड़े पद पर रही हैं।। मुख्यमंत्री ने कहा कि, विधानसभा में आशीर्वाद देने के लिए कोरबा और प्रदेश की जनता का धन्यवाद। अब यह लोकसभा चुनाव भी काफी अहम चुनाव है। यह चुनाव नरेंद्र मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने का चुनाव है।

मुख्य मंत्री ने कहा कि कांग्रेस के नेताओं ने किस चीज में भ्रष्टाचार नहीं किया। नरवा गरवा में, शराब में, कोयला में हर चीज में कांग्रेस ने भ्रष्टाचार किया है। आज वे सब जेल में हैं। इस भ्रष्टाचार में जिन अधिकारियों ने सहयोग किया वे भी जेल में हैं। बेल भी नहीं मिल रही।

श्री साय ने कहा कि हमारी आदिवासी समाज की बहन द्रौपदी मुर्मू आज देश के सर्वोच्च पद पर बैठी हैं। आदिवासी समाज की चिंता सिर्फ बीजेपी ही करती है। कांग्रेस के नेता अब बौखलाहट में कुछ भी बयान दे रहे हैं। कांग्रेस कहती है, बीजेपी आरक्षण खत्म कर देगी। उन लोगों की बात में नहीं आना है। अमित शाह भी कह चुके हैं कि बीजेपी जब तक राजनीति में हैं आरक्षण खत्म नहीं होगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि, मोदी की गारंटी को पूरा करने का काम सांय-सांय हो रहा है। चुनाव के बाद विकास के काम में और तेजी आएगी। कई लोग हैरान हैं, कई मुख्यमंत्री मुझे कह चुके हैं छत्तीसगढ़ में इतना तेजी से काम हो रहा है।

भाजपा प्रत्याशी सरोज पांडे ने कहा कि, पट्टा देने के नाम से कांग्रेस सिर्फ लटकाने और भ्रमित करने का काम करती है। जहां NTPC है SECL है, जहां झुग्गी झोपड़ी है वहां बीजेपी पट्टा देने का काम करेगी।

सरोज पांडे ने कहा कि, कोरबा की सांसद ज्योत्सना महंत कहती हैं कि कांग्रेस के लोग भ्रष्टाचार करते हैं लेकिन मैं नहीं करती हूं। अगर कांग्रेस की ही सांसद यह कह रही हैं तो आप समझ सकते हैं कांग्रेस में भ्रष्टाचार कितना हावी है।

कोरबा सीट से नामांकन दाखिल करने के बाद बीजेपी प्रत्याशी सरोज पांडे सभा को संबोधित कर रही हैं। इस सभा में मुख्यमंत्री समेत प्रदेश के कई वरिष्ठ नेता शामिल हैं।