छत्तीसगढ़

कुत्ते खोद रहे थे मिट्टी, पास जाकर देखा तो दिखा शव का हिस्सा, ससुरालवालों ने दफनाई थी बहू की डेड बॉडी

नोएडा। नॉलेज पार्क कोतवाली क्षेत्र के डेरी कामबक्सपुर गांव के खेत में दबा महिला का शव बरामद हुआ। महिला की हत्या करने के बाद ससुरालवालों ने शव खेत में मिट्टी के नीचे दबा दिया था। ससुराल पक्ष की तहरीर पर पुलिस ने महिला की गुमशुदगी का मामला दर्ज किया था।

दहेज प्रताड़ना का मामला दर्ज

वहीं, दूसरी तरफ मायके पक्ष की शिकायत पर पति सहित ससुराल के सात लोगों के खिलाफ मारपीट करने व दहेज के लिए प्रताड़ित करने का मामला दर्ज किया था। फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। पुलिस ने शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।

जानें पूरा मामला

तुस्याना गांव निवासी हरिओम ने बेटी सरिता की शादी 16 फरवरी 2015 को डेरी कामबक्सपुर गांव निवासी जोगिंदर के साथ की थी। ससुराल पक्ष के द्वारा दहेज के लिए सरिता को समय-समय पर परेशान किया जाता था। बाद में दोनों पक्ष के बीच समझौता हो जाता था। नौ मार्च को जोगिंदर ने नालेज पार्क कोतवाली में तहरीर दी कि उसकी पत्नी सरिता आठ मार्च शाम से कहीं गायब हो गई है।

मिट्टी में दबा हुआ था शव

शिकायत के कई दिन बाद पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज की। वहीं, सरिता के घरवालों ने शिकायत दी थी कि ससुरालवालों ने बेटी की हत्या कर शव कहीं गायब कर दिया है। बावजूद पुलिस ने मामले को हल्के में लिया। पुलिस जांच व दबिश का दंभ भरती रही। शुक्रवार सुबह लगभग साढ़े दस बजे गांव के रहने वाले देवेंदर अपने खेत पर गए थे। उन्होंने देखा पास में प्राधिकरण के द्वारा अधिग्रहित जमीन पर कुछ कुत्ते मिट्टी खोद रहे हैं। उन्होंने कुत्तों को भगाया। पास जाकर देखा तो उन्हें मिट्टी में दबे शव का अंग दिखा। उन्होंने पुलिस को सूचना दी।

घटनास्थल पर बड़ी संख्या में ग्रामीण भी एकत्र हो गए। गांव में शव की सूचना मिलने पर सरिता के ससुरालवाले तत्काल फरार हो गए। कुछ देर बाद पुलिस व फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। शव का कुछ हिस्सा गल गया था। मौके पर पहुंचकर स्वजन ने शव की पहचान सरिता के रूप में की। वहां से बरामद सभी चीजों को पुलिस ने साक्ष्य के रूप में एकत्र किया। एडिशनल डीसीपी अशोक कुमार का कहना है कि मामले में आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम दबिश दे रही है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।