छत्तीसगढ़

सक्ती: सुसाइड के लिए उकसाने वाला पति और लड़की गिरफ्तार, अफेयर के कारण पत्नी थी तनाव में, 2 बेटियों को मारकर कर लिया था सुसाइड

सक्ती : सक्ती जिले में महिला को आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में उसके पति कृष्ण सतनामी और पड़ोस में रहने वाली नाबालिग लड़की को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी पति का नाबालिग लड़की के साथ अफेयर चल रहा था। वो उसके साथ घर से भाग गया था। इससे आहत पत्नी ने जहर देकर अपने 2 बच्चों की हत्या कर दी और उसके बाद ट्रेन से कटकर आत्महत्या कर ली थी। मामला सक्ती थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के मुताबिक, सक्ती के वार्ड नं- 1 में रहने वाली प्रीति सतनामी (23) की शादी लगभग 4 साल पहले कृष्ण सतनामी से हुई थी। दोनों की दो बेटियां भी थीं। बड़ी बेटी का नाम परी सतनामी (ढाई वर्ष) और छोटी बेटी का नाम जान्हवी सतनामी (डेढ़ वर्ष) था। कुछ दिन पहले कृष्ण सतनामी अपने घर के सामने रहने वाली नाबालिग लड़की के साथ भाग गया था, जिसकी वजह से उसकी पत्नी परेशान थी।

9 मई की रात प्रीति ने अपने ससुराल के अन्य सदस्यों के साथ खाना खाया। इसके बाद वो बच्चों के साथ सोने के लिए चली गई। बुधवार 10 मई तड़के लगभग 4 बजे प्रीति ने अपनी दोनों बेटियों को जहर खिला दिया और उसके बाद घर से बाहर निकल गई। इसके बाद प्रीति खुद सक्ती रेलवे स्टेशन के केबिन के पास रेलवे ट्रैक पर लेट गई। ट्रेन से कटकर उसकी मौके पर ही मौत हो गई थी।

बुधवार सुबह जब परिवार वालों की नींद खुली, तो उन्होंने देखा कि घर में बहू प्रीति कहीं नजर नहीं आ रही है। वहीं दोनों बच्चियों के मुंह और नाक से भी झाग जैसा निकला हुआ है। उनकी जांच करने पर पता चला कि बच्चियों की सांसें नहीं चल रही हैं। ये देख परिवार वालों के होश उड़ गए। इधर बहू का शव रेलवे ट्रैक पर मिलने की सूचना मिली। आनन-फानन में मामले की जानकारी सक्ती पुलिस को दी गई।

खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कमरे का जायजा लिया। यहां दोनों बच्चों के शव के पास से सुसाइड नोट बरामद हुआ था। सुसाइड नोट में महिला ने लिखा था कि उसका पति कृष्ण सतनामी घर के सामने रहने वाली लड़की के साथ भाग गया है, जिसके कारण वो परेशान है और दोनों बच्चों को मारकर आत्महत्या कर रही है। महिला ने लिखा था कि उसके पति और पड़ोसी लड़की ने उसे धोखा दिया है। वो किसी के द्वारा छोड़ी हुई औरत नहीं कहलवाना चाहती है। उसने अपने पति से पूछा है कि इन सबमें उसके 2 छोटे-छोटे मासूम बच्चों की क्या गलती थी। उसने लिखा कि अगर यही गलती वो करती, तो उसे गाली मिलती।

छत्तीसगढ़ी में महिला ने लिखा सुसाइड नोट

मृतका ने खुदकुशी से पहले छत्तीसगढ़ी में सुसाइड नोट लिखा है। महिला ने लिखा “मैं मोर पांचठा भाई के नाक ल कटवा के आए हंव, ओकर सजा भगवान मोला खुद दिस, एमा मोर लइका मन के का गलती रहिस। मोर घर वाला ह मोला धोखा दिस तिसने मैं तुमन ल धोखा देना नई चाहत रहेंव, लेकिन मैं काकरो छोड़े हुए नई कहलवाना चाहत हो। मोर मौत के जिम्मेदार कृष्ण और (नाबालिग का नाम) हरे, एक बात अऊ मोर मां-पापा ल बोल देथो के एमा कोई मत फंसा ही क्योंकि मैं मोर घर से धोखा पाए हो।

महिला ने आगे लिखा- मोर दू ठन लइका ल नई देखिस न आदमी मोला मोर लइका मन एक दिन नई देखतीस त पगला हो जाए, लेकिन आज ओ मोला धोखा दे दिस। मोर लइका मन ला कुकुर बिलाई बना दिस। आज ओ गलती ला मैं करते तब ( यहां गाली का इस्तेमाल) कतीस। मोर मां बाप के घर दौड़ के जातिस, ओकरे लिए मैं ओला नहीं अपनाए सकव” यह लिखकर महिला ने मौत को गले लगा लिया।

पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी की

पुलिस ने रेलवे ट्रैक से मां का शव और घर से मिली दोनों बच्चियों के शवों का पोस्टमॉर्टम करवाया। इसके बाद आरोपी पति और नाबालिग की तलाश में जुट गई। महिला का पति और नाबालिग लड़की फरार चल रहे थे। दोनों आरोपी रविवार को सक्ती में घूमते हुए दिखे थे। लोगों ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। जिस पर पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया। पूछताछ करने पर आरोपियों ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। जिसके बाद पुलिस ने महिला के पति कृष्णा सतनामी उर्फ कालू (28 वर्ष) और नाबालिग लड़की को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।